शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान आयुष बडोनी के लगातार दूसरे शतक से दिल्ली ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के पहले दिन झारखंड के खिलाफ पांच विकेट पर 309 रन बनाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम एक समय 181 रन तक पांच विकेट गंवा चुकी थी लेकिन बडोनी (नाबाद 106) ने ऑलराउंडर सुमित माथुर (नाबाद 50) के साथ छठे विकेट के लिए 128 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला। न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम में जगह नहीं बना पाने वाले बडोनी ने अपनी पिछली तीन पारियों में 85, 217 और नाबाद 106 रन बनाए हैं।
उन्होंने अपनी पारी में अब तक 11 चौके और दो छक्के लगाए हैं। उन्होंने एक-एक छक्का स्पिनर प्रत्युष सिंह और तेज गेंदबाज जतिन पांडे के खिलाफ जड़ा। दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की।
प्रियांश आर्य (39) और सनत सांगवान (37) ने नई गेंद का सामना करते हुए पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। आर्य के आउट होने के बाद सांगवान और यश धुल (29) ने दूसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। आयुष दोसेजा (23) और अनुज रावत (18) भी सस्ते में आउट हो गए जिसके बाद बडोनी और माथुर ने पारी को संभाला।
ऑफ स्पिनर प्रत्युष ने 24 ओवर में 63 रन देकर दो विकेट लिए। बडोनी और माथुर ने अपनी साझेदारी के दौरान नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाकर झारखंड के गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया। माथुर ने 119 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके लगाए।
मंगलापुरम में केरल के लिए बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 38 रन देकर तीन विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी से बारिश से प्रभावित रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन बंगाल की टीम छह विकेट पर 172 रन ही बना सकी। बंगाल के सलामी बल्लेबाज अंकुर पॉल ने 80 गेंद पर 66 रन की पारी खेली।
उनकी बल्लेबाजी से एक समय बंगाल का स्कोर दो विकेट पर 102 रन था लेकिन इसके बाद टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और उसका स्कोर पांच विकेट पर 108 रन हो गया। सुदीप कुमार घरामी (36) और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद (नाबाद 35) ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले मध्यम गति के गेंदबाज बेसिल एन ने घरामी को आउट कर दिया।
भुवनेश्वर में सेना के ऑफ स्पिनर पुलकित नारंग ने लगातार दूसरे मैच में पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने 47 रन देकर छह विकेट लिए जिससे ओडिशा की टीम पहली पारी में 194 रन पर सिमट गई। ओडिशा की ओर से गौरव चौधरी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए।
दिन का खेल समाप्त होने तक सेना ने बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिए थे। पुणे में ऑफ स्पिनर सिद्धेश वीर ने चार जबकि तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर और बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने तीन-तीन विकेट लिए जिससे महाराष्ट्र ने गुजरात को 223 रन पर समेट दिया। गुजरात की ओर से अभिषेक देसाई ने 79 और जयमीत पटेल ने 58 रन बनाए।
दिन का खेल समाप्त होने तक महाराष्ट्र ने एक विकेट पर 24 रन बना लिए थे।
![]()

