Breaking News

Kylian Mbappe का फिर चला जादू, Valencia के खिलाफ गोल दागकर Real Madrid को दिलाई शानदार जीत

रविवार को खेले गए ला लीगा मुकाबले में रियल मैड्रिड ने वालेंसिया को उसके घरेलू मैदान पर 2-0 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद बार्सिलोना से दूरी एक अंक तक सीमित रखी।
बता दें कि इस मुकाबले में रियल मैड्रिड ने ज्यादातर समय गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन मौके बनाने में टीम को संघर्ष करना पड़ा। पहले हाफ में वालेंसिया के गोलकीपर स्टोले दिमित्रिएव्स्की को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और मैच काफी हद तक फीका रहा।
मौजूद जानकारी के अनुसार, मैच का पहला गोल 65वें मिनट में आया, जब फुलबैक अल्वारो कारेरेस ने किस्मत का साथ पाते हुए बढ़त दिलाई। बॉक्स में आगे बढ़ते समय वह पहले गेंद गंवा बैठे, लेकिन डिफेंस की क्लीयरेंस उन्हीं से टकराकर वापस उनके पास आ गई। 22 वर्षीय कारेरेस ने तेजी दिखाते हुए निचले कोने में सटीक शॉट लगाया और स्कोर खोल दिया।
इसके बाद वालेंसिया की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली। स्टॉपेज टाइम में रियल मैड्रिड ने मुकाबले को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। सब्स्टीट्यूट ब्राहीम डियाज ने काउंटर अटैक शुरू किया और बाएं फ्लैंक से लो क्रॉस दिया, जिस पर किलियन एम्बाप्पे ने नजदीक से गोल कर जीत पक्की कर दी।
गौरतलब है कि यह एम्बाप्पे का लीग में 23वां गोल रहा, जिससे वह गोल्डन बूट की दौड़ में बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे निकल चुके। इस मैच में रियल मैड्रिड को कई अहम खिलाड़ियों की कमी खली। विनिसियस जूनियर निलंबन के कारण बाहर रहे, जबकि जूड बेलिंघम, रोड्रिगो और एदर मिलिटाओ चोट के चलते नहीं खेल पाए। इन हालात में कोच अल्वारो आर्बेलोआ को अकादमी के युवा खिलाड़ियों राउल असेन्सियो, डेविड जिमेनेज और गोंजालो गार्सिया को मौका देना पड़ा।
मैच के बाद आर्बेलोआ ने कहा कि वालेंसिया के खिलाफ खेलना हमेशा कठिन होता है और टीम ने पूरी प्रतिबद्धता दिखाई हैं। उन्होंने माना कि खेल में चमक की कमी रही, लेकिन मजबूती और अनुशासन ही ऐसी जीत की नींव होते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि गोलकीपर थिबो कोर्टुआ को पूरे मैच में एक भी बचाव नहीं करना पड़ा।
अंक तालिका पर नजर डालें तो बार्सिलोना 58 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि रियल मैड्रिड 57 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। वालेंसिया 17वें स्थान पर है और रेलीगेशन जोन से सिर्फ एक अंक ऊपर है। इसी दिन खेले गए एक अन्य मुकाबले में एटलेटिको मैड्रिड को घरेलू मैदान पर रियल बेटिस के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। बेटिस के लिए 28वें मिनट में एंटनी ने शानदार गोल दागा, जिससे टीम की यूरोपीय क्वालीफिकेशन की उम्मीदें मजबूत हुई।
फिलहाल एटलेटिको मैड्रिड 45 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि बेटिस 38 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है और ला लीगा की खिताबी दौड़ अब दो टीमों तक सिमटती दिख रही है।

Loading

Back
Messenger