Breaking News

Liverpool का बड़ा दांव! युवा डिफेंडर Jeremy Jacquet पर लुटाए ₹500 करोड़, जानें कौन है ये Future Star?

यूरोपियन फुटबॉल में हर कुछ सालों में एक ऐसा नाम उभरता है, जिस पर बड़ी टीमें दांव लगाने से नहीं हिचकतीं। फ्रांस के युवा डिफेंडर जेरेमी जैके उसी कड़ी का नया नाम हैं। बता दें कि प्रीमियर लीग के मौजूदा चैंपियन लिवरपूल ने चेल्सी, बायर्न म्यूनिख और कई यूरोपीय क्लबों को पीछे छोड़ते हुए इस 20 वर्षीय सेंटर-बैक को साइन कर लिया है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, लिवरपूल ने जैके पर शुरुआती 50 मिलियन पाउंड खर्च किए हैं, जबकि प्रदर्शन के आधार पर 10 मिलियन पाउंड अतिरिक्त दिए जा सकते हैं। हालांकि, यह डील तत्काल प्रभाव से नहीं होगी। गौरतलब है कि जैके 2025-26 का पूरा सीजन फ्रेंच क्लब रेंस के साथ बिताएंगे और जुलाई में लिवरपूल से जुड़ेंगे।
जेरेमी जैके का जन्म 13 जुलाई 2005 को पेरिस के बॉन्डी इलाके में हुआ था। जब 2006 वर्ल्ड कप फाइनल में जिनेदिन जिदान का मशहूर हेडबट हुआ था, तब जैके एक साल के भी नहीं थे। फुटबॉल की शुरुआती ट्रेनिंग उन्होंने स्थानीय क्लब आरसी जॉइनविले से ली। फ्रांस में अक्सर यह चर्चा होती रही है कि पेरिस सेंट-जर्मेन अपने आसपास की प्रतिभाओं को पहचानने में चूक जाता है और जैके भी उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल रहे, जो पीएसजी की नजरों से निकल गए।
गौरतलब है कि 2019 में जैके ने रेंस की अकादमी जॉइन की, जो युवा खिलाड़ियों को तराशने के लिए जानी जाती है। 18 साल की उम्र में उन्होंने जनवरी 2024 में नाइस के खिलाफ अपना लीग-1 डेब्यू किया। इसके कुछ ही दिनों बाद उन्हें संघर्ष कर रहे क्लब क्लेरमोंट को लोन पर भेजा गया। टीम भले ही रेलिगेशन से नहीं बच सकी, लेकिन जैके के प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा।
इसके बाद अंडर-19 यूरोपीय चैंपियनशिप में फ्रांस के लिए शानदार खेल दिखाने के चलते उन्हें टूर्नामेंट की बेस्ट टीम में जगह मिली। इसी कारण क्लेरमोंट के साथ उनका लोन आगे बढ़ाया गया, लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि जैके लीग-2 स्तर से कहीं आगे के खिलाड़ी हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार, रेंस ने 2024-25 सीजन के बीच में ही करीब 7.8 लाख पाउंड खर्च कर उनका लोन खत्म कराया। इसके बाद जैके ने लीग-1 में रेंस के लिए 14 में से 11 मैच शुरू से खेले और टीम को रेलिगेशन की जंग से निकालकर 11वें स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कम उम्र, सीमित सीनियर अनुभव और फिर भी इतनी बड़ी रकम यही वजह है कि एनफील्ड के फैसले पर चर्चा हो रही है। लेकिन लिवरपूल के स्काउट्स और मैनेजमेंट को भरोसा है कि जेरेमी जैके आने वाले वर्षों में क्लब की डिफेंस की मजबूत नींव बन सकते हैं और यही विश्वास इस डील की सबसे बड़ी वजह मानी जा रही हैं।

Loading

Back
Messenger