Breaking News

French Open 2026 में सबसे बड़ा उलटफेर, गर्मी से बेहाल Top Seed Jannik Sinner दूसरे दौर में हुए बाहर

 प्रबल दावेदार और शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी यानिक सिनर को फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में गर्मी से जूझना पड़ा जिससे वह बृहस्पतिवार को 56वीं रैंकिंग पर काबिज जुआन मैनुअल सेरुंडोलो से 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हार गए।
फरवरी से सिनर लगातार 30 मैच जीत रहे थे और उनसे उम्मीद थी कि वह यहां खिताब जीतकर अपने टेनिस करियर का करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करेंगे, विशेषकर तब जब दो बार के चैंपियन कार्लोस अल्काराज दाहिनी कलाई में चोट लगने के कारण बाहर हैं।

सिनर कई बार थकान के कारण क्ले कोर्ट पर झुक गए और चेंजओवर पर हाथ के पंखे से खुद को ठंडा करने की कोशिश की और अपनी गर्दन के चारों ओर बर्फ के बैग रखे।
मैच शुरू होने पर तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था जो बढ़कर 32 सेल्सियस हो गया।
जब मैच खत्म हुआ तो सेरुंडोलो ने ज्यादा जश्न नहीं मनाया, बस भीड़ की तरफ थोड़ा हाथ हिलाया।
जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में एलियट स्पिजिरी के खिलाफ भी सिनर को गर्मी में परेशानी हुई थी।
सिनर पिछली बार 19 फरवरी को कतर ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गए थे।

उन्होंने लगातार पांच मास्टर्स खिताब जीते और मुश्किल से कोई सेट गंवाया था।
पिछले साल इसी कोर्ट फिलिप चैटरियर पर सिनर ने अल्काराज के खिलाफ तीन मैच अंक गंवाए और एक जबरदस्त फाइनल हार गए थे।
वहीं फ्रांस के किशोर मोइज कौमे ने एडोल्फो डैनियल वैलेजो पर 6-3, 7-5, 3-6, 2-6, 7-6 (8) जीत से तीसरे दौर में पहुंचकर घरेलू प्रशंसकों को रोमांचित कर दिया।
सत्रह साल के कौमे ने धूप में लगभग पांच घंटे तक चले मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने पांचवें सेट में 5-3 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए निर्णायक टाईब्रेकर तक मैच को पहुंचाया और फिर टाईब्रेकर में भी 8-7 से पिछड़ने के बाद दोबारा वापसी की। जीत के बाद 318वीं रैंकिंग वाले कौमे भावनाओं से अभिभूत हो गए।

कौमे ने मंगलवार को पहले दौर में मारिन सिलिच को सीधे सेटों में हराया था और ऐसा करने के साथ ही वह 2008 या उसके बाद जन्मे पहले ऐसे पुरुष खिलाड़ी बन गए जिसने कोई ग्रैंड स्लैम मैच जीता हो।
सिलिच ने 2014 का अमेरिकी ओपन खिताब जीता, दो अन्य बड़े टूर्नामेंट में उपविजेता रहे और 2022 में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचे।
मार्च में कौमे मियामी मास्टर्स के इतिहास में पहले दौर में मैच जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने जिसके लिए उन्हें 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच से बधाई संदेश भी मिला।

Loading

Back
Messenger