Breaking News

आंध्र के मुख्यमंत्री ने यूएई के मंत्री के साथ एआई के माध्यम से शासन को बेहतर बनाने पर चर्चा की

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मारी के साथ कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिये शासन और नागरिक सेवाओं में सुधार पर चर्चा की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी।

मुख्यमंत्री नायडू संयुक्त अरब अमीरात के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक दोनों नेताओं ने व्यापार संबंधों को मजबूत करने, ज्ञान अर्थव्यवस्था पहल और ‘‘रियल-टाइम ग्रॉस सेटलमेंट’’ (आरटीजीएस) जैसी तकनीकी रूप से उन्नत प्रणालियों का उपयोग करके सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर भी विचार-विमर्श किया।

इस चर्चा में दुबई सिलिकॉन ओएसिस द्वारा स्टार्टअप और अनुसंधान संस्थानों को वित्तपोषित करने की पहल तथा एआई-संचालित नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए आंध्र प्रदेश में रतन टाटा इनोवेशन हब के साथ संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘दोनों नेताओं ने एआई के माध्यम से शासन और नागरिक सेवाओं में सुधार तथा नागरिक सेवाओं में सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर चर्चा की…।’’

मुख्यमंत्री नायडू और यूएई के मंत्री ने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों पर चर्चा की तथा आंध्र प्रदेश में रसद, परिवहन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

Loading

Back
Messenger