Breaking News

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को भाजपा के विचारक पंडित दीन दयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके एकात्म मानववाद के दर्शन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की प्रतिबद्धता को याद किया।

सोशल मीडिया पर खांडू ने उपाध्याय को एक प्रखर विचारक, संगठनकर्ता और शाश्वत पथप्रदर्शक बताया, जिन्होंने मूल्यों और करुणा से प्रेरित राष्ट्र की नींव रखी।
खांडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हमारे राष्ट्र की आत्मा भारत माता है। माता के बिना, भारत केवल एक भूगोल, एक निर्जीव भूखंड मात्र बनकर रह जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने हमें एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन दिया तथा राष्ट्र निर्माण के पथ पर पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया।’’

उपमुख्यमंत्री चोना मेन ने भी जनसंघ नेता को प्रेरणा स्रोत बताया, जिनके सिद्धांत आज भी भारत की प्रगति के मार्गदर्शक बने हुए हैं।
मेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय की उनकी दृष्टि प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान की ओर समाज को ले जाने की हमारी यात्रा का प्रकाश पुंज है। आइए, हम एक आत्मनिर्भर, समावेशी और करुणामय भारत के निर्माण के लिए कार्य करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाएं।

Loading

Back
Messenger