Breaking News

Odisha Flood के बीच Mohan Charan Majhi के दिल्ली दौरे पर भड़का विपक्ष, नवीन पटनायक ने साधा निशाना

ओडिशा में बाढ़ के बीच दिल्ली जाने को लेकर विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं की बृहस्पतिवार को कड़ी आलोचना की। दोनों पार्टियों ने अलग-अलग संवाददाता सम्मेलन में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इस आपदा से निपटने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। बाढ़ से ओडिशा के 30 में से 20 जिले प्रभावित हैं।

ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘क्या राज्य में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच ओडिशा के भाजपा नेता दिल्ली में दावतों में शरीक हो रहे हैं? जब लगातार भारी बारिश के कारण पूरा राज्य बाढ़ से जूझ रहा है, तब मुख्यमंत्री और भाजपा के शीर्ष नेता एवं सांसद दिल्ली में हैं। ऐसे मुश्किल समय में अपने लोगों की सुरक्षा से ज्यादा जरूरी क्या हो सकता है?’’
पटनायक ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बाढ़ के कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़ में कई बेगुनाह लोगों की जान जाने की खबर से मैं और ओडिशा के सभी लोग बहुत दुखी हैं।’’
पटनायक ने भाजपा सरकार से प्रभावित लोगों के साथ खड़े होने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं (पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निरंजन पटनायक) ने भी भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की और उस पर राज्य में बाढ़ को लेकर लापरवाही भरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। निरंजन ने कहा कि ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए मानसून से दो महीने पहले ही सरकार को तैयारी बैठक करनी चाहिए थी।

Loading

Back
Messenger