भारतीय क्रिकेटर और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अब नई भूमिका में दिखाई देंगे। रवींद्र जडेजा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। रविंद्र जडेजा के भाजपा में शामिल होने की जानकारी उनकी पत्नी रीवाबा जडेजा ने दी है। भाजपा विधायक और रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा जडेजा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर यह खबर साझा की है। उन्होंने नए सदस्य के तौर पर अपने पति की तस्वीर को पोस्ट किया है। अपनी पोस्ट में रीवाबा ने अपने और अपने पति की भाजपा सदस्यता कार्ड के साथ तस्वीरें भी साझा कीं।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने दो सितंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य के रूप में नामांकित किया था। रवींद्र जडेजा से पहले उनकी पत्नी रीवाबा 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं। पार्टी में शामिल होने के बाद रीवाबा को बीजेपी ने 2022 में जामनगर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था। वह आप उम्मीदवार करशनभाई करमूर को हराकर जीती थी।
बता दें कि 35 वर्षीय रवींद्र जडेजा ने जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक टी20 विश्व कप 2024 जीत के बाद टी20आई से संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है। इसके साथ ही रवींद्र जडेजा की नई पारी की भी शुरुआत हो गई है।
चुनाव प्रचार में आए थे नजर
रवींद्र जडेजा को कई बार उनकी पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ चुनाव मैदान में देखा गया था। वो कई रोड शो पत्नी के लिए कर चुके है। इसके बाद बीजेपी में वो शामिल हो गए है। गौरतलब है कि रवींद्र जडेजा भारतीय टीम में ऑलराउंडर है। वो अपने करियर में 74 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके है। कुल 41 पारियों में वो 515 रन बना चुके है।