Breaking News

Nagpur में Lawrence Bishnoi Gang के नाम पर 8 व्यापारियों से मांगी 10-10 लाख की रंगदारी

नागपुर, एक नवंबर महाराष्ट्र के नागपुर शहर में सर्राफा बाजार के कम से कम आठ व्यापारियों को ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के नाम से धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिनमें प्रत्येक से 10-10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस को इस मामले में स्थानीय अपराधियों के शामिल होने का संदेह है। पत्र भेजने वालों ने रकम न देने या पुलिस को सूचना देने पर व्यापारियों और उनके परिजनों की हत्या करने की भी धमकी दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये पत्र चार-पांच दिन पहले आने शुरू हुए थे। पत्रों में व्यापारियों से कहा गया था कि वे रकम देने की सहमति जताने के लिए अपनी दुकानों के बाहर एक विशेष नारा लिखें। उनसे यह भी कहा गया था कि पैसा सौंपने के संबंध में आगे के निर्देश बाद में दिए जाएंगे।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राहुल मदने ने बताया, ‘‘हमने व्यापारियों से बात की है। वे शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। इस सिलसिले में तहसील पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जाएगा।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को अंदेशा है कि स्थानीय अपराधी व्यापारियों को डराने और रंगदारी वसूलने के लिए बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रहे होंगे।

हालांकि, इन धमकियों के पीछे किसका हाथ है, इसकी पहचान होना अभी बाकी है।

Loading

Back
Messenger