Breaking News

महिला की हत्या के बाद फरार व्यक्ति इंदौर से पकड़ा गया

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला की हत्या के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। महिला की हत्या करीब 10 महीने पहले हुई थी और उसके बाद से फरार आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

एक अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, उत्तर प्रदेश निवासी राजू महेंद्र सिंह को शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में अपना नाम सूरज बताया था, लेकिन उसके हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान उजागर हो गई।

वरिष्ठ निरीक्षक विनायक गायकवाड ने बताया कि सिंह 28 अक्टूबर, 2024 को भिवंडी में 23 वर्षीय एक महिला की धारदार हथियार से कथित तौर हमला करके उसकी हत्या करने के बाद फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपी परिचित थे क्योंकि दोनों उत्तर प्रदेश में एक ही गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार महिला ने उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिससे वह नाराज था।

अधिकारी ने बताया कि अपराध के बाद, आरोपी ने कई बार अपना ठिकाना बदला और अपना मोबाइल फोन बंद रखा। अधिकारी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर छिपता रहा।
पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि सिंह इंदौर के देवास नाका इलाके में है और इंदौर अपराध शाखा की मदद से उसे पकड़ लिया गया।

Loading

Back
Messenger