आतंकवाद से लंबे समय तक ग्रसित पाकिस्तान करीब तीन दशक में अपने पहले प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी करने को तैयार है। मिनी वर्ल्ड कप कहे जाने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होगा। पाकिस्तान के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा, जो सुरक्षा कारणों से कई आईसीसी इवेंट्स की मेजबानी करने से हाथ धो बैठा था। चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले कराची, लाहौर और रावलपिंडी में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में वनडे की शीर्ष आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस टूर्नामेंट के 9वें संस्करण में भारत अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगा। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत ने हाइब्रिड मॉडल की गुजारिश की थी, जिस पर आईसीसी ने सहमति जताई थी। बहरहाल, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। हाल ही में न्यूजीलैंड ने ट्राई-सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान को मात दी थी और यही वजह है कि पहला मैच जीतने का वो मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
मेजबान पाकिस्तान – मोहम्मद रिजवान (कप्तान), फखर जमान, कामरान गुलाम, सउद शकील, तैयब ताहिर, फहीम अशरफ, खुशदिल शाह, सलमान अली आघा, उस्मान खान, बाबर आजम, अबरार अहमद, हैरिस रउफ, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह और शाहीन शाह अफरीदी।
चैंपियंस ट्रॉफी की आठ साल बाद वापसी हो रही है। ऐसे में सभी की नजरें मेजबान पाकिस्तान पर होगी कि वो किस तरह टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। क्रिकेट फैंस उम्मीद कर सकते हैं कि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहले मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिले।