आखिरकार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस बार चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत किया जाएगा जिसके कुछ मुकाबले पाकिस्तान तो वहीं कुछ मैच यूएई में खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम की कमान मोहम्मद रिजवान के हाथों में होगी जबकि टीम की उप कप्तानी सलमान अली आगा संभालेंगे।
वहीं पाकिस्तान ने जिस टीम का चयन इस टूर्नामेंट के लिए किया है उसमें 4 तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है जिसमें हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद हसनैन और नसीम शाह शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण की अगुवाई अबरार अहमद करेंगे। इस टीम में विशुद्ध स्पिनर के रूप में सिर्फ अबरार अहमद को शामिल किया गया है जो चौंकाने वाला है। ये टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले लाहौर और कराची में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ त्रिकोणीय एकदिवसीय सीरीज खेलेगी।
पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के लिए जिस टीम का चयन किया है उसमें पीसीबी की तरफ से 2 बड़ी गलती की गई है। इस टीम में फखर जमान को बतौर ओपनर के रूप में चयनित किया गया है। लेकिन इस टीम में बतौर ओपनर अन्य कोई विशुद्ध बल्लेबाज नहीं है यानी किसी अन्य बल्लेबाज को फखर जमान के साथ ये भूमिका निभानी पड़ सकती है। यही नहीं इस टीम में बैकअप ओपनर भी नहीं है यानी अगर फखर जमान चोटिल हुए तो टीम के लिए बड़ी परेशानी हो सकती है।
साथ ही पाकिस्तान ने इस टीम में स्पिनर के तौर पर अबरार अहमद को चुना है जबकि टीम में दूसरा अन्य कोई विशुद्ध स्पिनर नहीं है। यानी ये टीम सिर्फ एक ही स्पिनर के साथ मैदान पर उतरेगी और उनका साथ निभाने के लिए विकल्प के रूप में सलमान आगा टीम में मौजूद हैं जो पार्ट टाइम स्पिनर हैं। अब अगर किसी मैच के लिए इस टीम को दो विशुद्ध स्पिनर की जरूरत होती है तो पाकिस्तान के सामने एक और परेशानी खड़ी हो सकती है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान टीम
फखर जमान, बाबर आजम, कामरान गुलाम, सऊद शकील, तैयब ताहिर, फहीम अशरफ, मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), खुशदिल शाह, सलमान आगा, उस्मान खान, अबरार अहमद, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद हसनैन, हारिस रऊफ, नसीम शाह।