Breaking News

Uttarakhand में 2027 चुनाव के लिए BJP ने कसी कमर, नितिन नवीन ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

हल्द्वानी, नौ सितंबर उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि पवित्र देवभूमि उत्तराखंड वर्ष 2027 में भी भाजपा के नेतृत्व में आगे बढ़े और राज्य में एक बार फिर ‘कमल’ खिले।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आने वाले समय में यह राज्य विकास की नयी इबारत लिखेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “यह दशक उत्तराखंड का होगा।” उन्होंने राज्य में भाजपा सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने विकास को नयी गति दी है। नवीन ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। नवीन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर विभाजनकारी राजनीति करने और सियासी षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि तप और तपस्या की भूमि उत्तराखंड में भी कांग्रेस विभाजनकारी नीति को बढ़ावा देने का काम कर रही है। नवीन ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने देश की सीमाओं तक सड़कों का जाल मजबूत किया है और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।”
नवीन ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में दलितों का लगातार अपमान हुआ।

Loading

Back
Messenger