Breaking News

कभी न तो डरूंगी और न ही हार मानूंगी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘जनसुनवाई’ के दौरान हुए हमले के दो दिन बाद शुक्रवार को औपचारिक तौरपर कामकाज फिर शुरू करते हुए कहा कि वह कभी न डरेंगी, न ही हारेंगी और राष्ट्रीय राजधानी के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेंगी।

रेखा गुप्ता ने यमुना पार इलाके के गांधी नगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्ष उनका ‘अटल संकल्प’ है।
उन्होंने कहा, “आपकी मुख्यमंत्री न तो डरेंगी, न थकेंगी और न ही हारेंगी। मैं आपके साथ तब तक संघर्ष करती रहूंगी जब तक दिल्ली को उसके अधिकार नहीं मिल जाते। यह मेरा अटल संकल्प है।”

गुजरात के राजकोट निवासी राजेशभाई खिमजी ने बुधवार सुबह दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान रेखा गुप्ता पर हमला किया था।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।

रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 10-12 वर्ष में दिल्ली पिछड़ गई है लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के यमुना पार क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव बजटीय सहायता का आश्वासन भी दिया और कहा कि इससे एक विकसित दिल्ली के निर्माण में मदद मिलेगी।

रेखा गुप्ता ने हमले के दो दिन बाद एशिया के सबसे बड़े रेडीमेड गारमेंट केंद्र गांधी नगर में ‘एसोसिएशन ऑफ होलसेल गारमेंट डीलर्स’ की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में भाग लेकर अपने आधिकारिक कार्यों की फिर से शुरुआत की।
कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय गईं।

Loading

Back
Messenger