Breaking News

दीदी ओ दीदी, जर्सी गाय, 50 करोड़ की GF…महुआ मोइत्रा ने PM मोदी के मां के अपमान वाले बयान पर कहा- आपका माइंड योर लैंग्वेज भाषण थोड़ा अटपटा

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा कटाक्ष करते हुए उनके मंगलवार के संबोधन को “थोड़ा अतिशयोक्तिपूर्ण” बताया, जिसमें उन्होंने अपनी दिवंगत मां के लिए कथित अपशब्दों का उल्लेख किया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महुआ मोइत्रा द्वारा की गई एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया गया कि उनका राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का इतिहास रहा है। महुआ ने एक्स पोस्ट में कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ सड़क पर दीदी ओ दीदी के नारे से लेकर सोनिया गांधी जी के खिलाफ जर्सी गाय और कांग्रेस की विधवा से लेकर शशि थरूर की पत्नी के लिए 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड तक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सब कुछ कह दिया है। आज उनका “माइंड योर लैंग्वेज” भाषण थोड़ा अटपटा है!

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की हाल में संपन्न हुई वोटर अधिकार यात्रा के दौरान उनकी मां को अपशब्द कहे जाने से उन्हें गहरा दुख हुआ है और इस घटना के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं कांग्रेस को वह भले ही माफ कर दें लेकिन बिहार के लोग इन दलों को कभी माफ नहीं करेंगे। मोदी ने दरभंगा में हाल में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने से पैदा हुए विवाद पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि उनकी मां को अपशब्द कहना उन लोगों के लिए बड़ी बात नहीं है जो ‘भारत माता’ का अपमान करते हैं और ऐसे लोगों को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा मेरी दिवंगत मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था तो उनका क्या दोष था। उनके लिए अपशब्द क्यों कहे गए? 

प्रधानमंत्री ने बिहार में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए एक नयी सहकारी पहल के डिजिटल तरीके से उद्घाटन के मौके पर दिल्ली में एक सभा को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं। मोदी ने कहा, ‘‘बिहार मां जानकी की धरती है… यहां महिलाओं को हमेशा से सम्मान दिया गया है। यहीं छठ पूजा मनाई जाती है। राजद और कांग्रेस के मंच से मेरी मां को अपशब्द कहे गए… मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा होगा… यह बिहार की मां-बेटियों का अपमान है… राज्य की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

Loading

Back
Messenger