Breaking News

दक्षिण-पश्चिम नाइजर में निर्माण स्थल पर आतंकवादी हमले के बाद दो भारतीयों की मौत, एक का अपहरण

नाइजर स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि मंगलवार को पश्चिम अफ्रीका के नाइजर के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम दो भारतीय प्रवासी कामगार मारे गए, जबकि एक अन्य का अपहरण कर लिया गया। एक ‘X’ पोस्ट में दूतावास ने कहा कि वह हमले में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर स्वदेश भेजने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है, साथ ही अपहृत भारतीय नागरिक का पता लगाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, भारतीय दूतावास ने आतंकवादी हमले के दौरान मारे गए या अपहृत व्यक्ति के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। 

नाइजर के डोसो क्षेत्र में 15 जुलाई को हुए एक जघन्य आतंकवादी हमले में दो भारतीय नागरिकों की दुखद मृत्यु हो गई और एक का अपहरण कर लिया गया। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। नियामे स्थित मिशन पार्थिव शरीर स्वदेश भेजने और अपहृत भारतीय की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने पोस्ट किया और नाइजर में सभी भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताया कि यह हमला राजधानी नियामी से लगभग 130 किलोमीटर दूर डोसो में हुआ, जहाँ कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक निर्माण स्थल पर धावा बोल दिया और सुरक्षा में तैनात एक सैन्य इकाई पर हमला कर दिया। इस बीच, यह घटना कुछ महीने पहले नाइजर में हथियारबंद लोगों द्वारा साकोइरा में किए गए हमले के बाद पाँच भारतीय नागरिकों के अपहरण के बाद हुई है। ये पाँचों प्रवासी झारखंड के गिरिडीह जिले के थे और कंदादजी बांध परियोजना के लिए एक भारतीय फर्म में काम कर रहे थे। बाद में झारखंड सरकार ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों का पता लगाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम कर रही है। 

Loading

Back
Messenger