बलिया लाइव ब्योरो
📰 नरही, बलिया। नरही थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लूट का मामला सामने आया है। नरही पुलिस और सर्विलांस-स्वाट टीम ने लूटकांड का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
👮♂️ पुलिस ने इन लुटेरों के कब्जे से 86,400 रुपये कैश, गहने, तमंचा, कारतूस, आठ मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घटना पर तेज कार्रवाई और खुलासे के लिए एसपी बलिया की ओर से खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया है।
📅 बताते चलें कि 15 अगस्त 2026 को नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव निवासी आशीष वर्मा पुत्र कैलाश प्रसाद वर्मा शाम को अपनी बहनों की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। कुमकुम पट्टी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया था। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने आभूषणों से भरा बैग छीन लिया था और बाइक से फरार हो गए।
🚔 लूट की घटना से घबराए सर्राफा कारोबारी आशीष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी वीडियो के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास हुआ। अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की भी जांच-पड़ताल की गई।
🔍 जांच के दौरान 9 बदमाशों की पहचान की गई जिनमें से 6 को पुलिस ने 20 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। इन बदमाशों में राजू चौरसिया (निवासी गाजीपुर), विशाल चौधरी (निवासी गाजीपुर) विकास प्रधान (निवासी बक्सर, बिहार), कृश्णा कुमार उर्फ धन्नू यादव (निवासी भोजपुर, बिहार), अमन महतो उर्फ राम लखन (निवासी भोजपुर, बिहार), मदन कुमार वर्मा (निवासी बक्सर, बिहार) शामिल हैं।
🚨 पुलिस को पता चला कि पूरी घटना की साजिश लड्डू सेठ उर्फ चंद्र प्रकाश वर्मा नाम के शख्स ने बनाई थी और वही मुख्य सूत्रधार था। रास्ते व दुुकान की रेकी उसने ही की थी। लूट में 9 लोग शामिल थे, जिनमें से 6 पकड़े गए हैं। लड्डू सेठ उर्फ चंद्र प्रकाश वर्मा समेत 3 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी पाया गया है।
![]()

