🌍 भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अगोशित विद्युत कटौती से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विद्युत विभाग द्वारा कभी 33000 लाइन फॉल्ट, कभी फीडर ब्रेकडाउन, तो कभी तार टूटने और रोस्टिंग का हवाला देकर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
⚡️ मामला विद्युत उपकेंद्र सोनवानी का है,जहां रविवार की रात सोनवानी फीडर से सोनवानी गांव में विद्युत सप्लाई दी गई लेकिन वही फीडर से चलने वाले दर्जनों गांव को तार टूटने की बात कहकर पूरी रात विद्युत सप्लाई बंद रखी गई। बिजली न रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। पंखे, कूलर और पानी की व्यवस्था ठप होने से बच्चों, बुजुर्गों,महिलाओं तथा मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
🌧️ क्षेत्र के दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन किसी न किसी तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर लंबे समय तक बिजली काट दी जाती है, रात में कर्मचारियों की लापरवाही गले का फांस बन गई है। लेकिन विभाग स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
🚫 ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं लोगों ने जिलाधिकारी बलिया व विभाग के उच्च अधिकारियों से सोनवानी विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा रात के समय त्वरित मरम्मत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
![]()

