भारत में अगले महीने से आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन किया जाना है। टूर्नामेंट 30 सितंबर से 2 नवंबर के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईसीसी ने टूर्नामेंट के चार मैचों की मेजबानी सौंपी थी। अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है तो 2 नवंबर को फाइनल मैच भी इसी स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन अब कहा जा रहा है कि इस मैदान में विमेंस वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेले जाएंगे।
दरअसल, क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को राज्य सरकार से वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए अभी तक अनुमति नहीं मिली है। जिस कारण बेंगलुरु में महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के मैचों पर अनिश्चितता बनी हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, ये अनिश्चितता जून में हुए सुखद भगदड़ के कारण है। आरसीबी की आईपीएल ट्रॉफी जीतने का जश्न मनाते समय 11 फैंस की मौत हो गई थी। मामला अब अदालत में है और राज्य सरकार ने अभी तक मैचों के लिए अनुमति नहीं दी है। KSCA ने महाराजा कप टी20 टूर्नामेंट को शहर से मैसूरु शिफ्ट कर दिया है और महिला वर्ल्ड कप के लिए अनुमति का इंतजार कर रहा है।
वहीं KSCA के अधिकारी ने क्रिकबज को बताया है कि, हमने राज्य सरकार को लिखा है और जवाब का इतंजार कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि उन्होंने अनुमति से इनकार किया है। अगर ऐसा होता तो वे मैसूरु में महाराजा कप की अनुमति नहीं देते। इसलिए हम इंतजार कर रहे हैं। इसमें अभी कुछ समय है और हम कदम दर कदम आगे बढ़ रहे हैं।