Breaking News

केरल के मुख्यमंत्री ने विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ आगाह किया

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को आगाह किया कि कुछ स्वार्थी लोग समाज में सांप्रदायिक भावना फैलाकर फूट डालने की जानबूझकर कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट में कहा, ‘‘कुछ लोग यह प्रचार करते हैं कि जाति मानवता से बड़ी है और केरल जैसे राज्य में भी ऐसे विचार जोर पकड़ रहे हैं, जबकि इस राज्य ने एक समय धर्म और जाति के कारण फैले अंधविश्वास एवं कुप्रथाओं को जड़ से खत्म कर दिया था।’’

विजयन ने यह बात 20वीं सदी के संत और समाज सुधारक श्री नारायण गुरु की 171वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर अपने पोस्ट में गुरु को महान सुधारक के रूप में याद किया, जिन्होंने लोगों को ज्ञान के माध्यम से एकजुट होने और शिक्षित होने तथा जाति-धर्म से ऊपर उठने का संदेश दिया।

विजयन ने कहा कि हालांकि आजकल सांप्रदायिक ताकतें नारायण गुरु की विरासत को अपने नाम करने की कोशिश कर रही हैं।
वामपंथी नेता ने गुरु को ऐसे सुधारक के रूप में याद किया, जिन्होंने उच्च जाति के वर्चस्व और सामाजिक बुराइयों पर खुलकर सवाल उठाए और जाति के आधार पर होने वाले अत्याचारों तथा आर्थिक शोषण के खिलाफ दृढ़ता से विरोध किया।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री नारायण गुरु की जयंती पर, हम महान सुधारक को याद कर रहे हैं, जिन्होंने हमें एकता, जाति-धर्म से ऊपर उठने का संदेश दिया। मानवता को एक मानने का उनका दृष्टिकोण आज भी केरल के पुनर्जागरण को प्रेरित करता है और हमें विभाजनकारी ताकतों से लड़ने की प्रेरणा देता है।

Loading

Back
Messenger