🌍 बलिया/लखनऊ। बसपा के इक्लौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। लखनऊ, बलिया, सोनभद्र और कौशांबी समेत 15 स्थानों पर बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई गुरुवार तक चली। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास पर तलाशी अभियान समाप्त हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर जांच जारी रही।
🕵️ सूत्रों के अनुसार, रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास से बड़ी मात्रा में नकदी, महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवरात बरामद किए गए हैं। हालांकि आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से किसी बरामदगी की पुष्टि नहीं की गई है। लखनऊ में कार्रवाई बुधवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई थी, जो गुरुवार सुबह तक चली। लगभग 50 अधिकारियों की टीम ने परिसर की तलाशी ली। इस दौरान आवास के भीतर और बाहर आवाजाही पर रोक रही। विधायक और उनके परिवार के सदस्यों घर पर मौजूद थे।
📜 सोनभद्र में छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में भी आयकर टीम ने दस्तावेजों की जांच की। वहां अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यालय को अंदर से बंद रखा गया। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने देर रात तक कार्रवाई जारी रखी।
🔍 छापेमारी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कार्रवाई को मानवता के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि विधायक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पूछताछ बाद में भी की जा सकती थी।
⚖️ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं, योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह, जो विधायक के समधी हैं, ने कहा कि पारिवारिक रिश्ते राजनीतिक से ऊपर होते हैं।
📊 2022 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उमाशंकर सिंह की कुल संपत्ति लगभग 54 करोड़ रुपये बताई गई थी, जिसमें चल और अचल संपत्ति शामिल है। उन पर लगभग 13 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्शाया गया था। वे निर्माण, खनन, शिक्षा और होटल व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की प्रबंध निदेशक हैं।
![]()

