Breaking News

बलिया के इस विद्यालय के दो छात्रों के स्वदेशी सैन्य सुरक्षा मॉडल को मिला राज्य में प्रथम स्थान, जिलाधिकारी ने सराहा

रसड़ा, बलिया

📰 बलिया। जनपद के कक्षा 10वीं के छात्र देवेश मणि उपाध्याय और कक्षा 12वीं के छात्र आदित्य मिश्रा ने संयुक्‍त रूप से ‘TRINETRA 1326’ नाम से एक स्वदेशी बहुउद्देशीय सैन्य निगरानी एवं सुरक्षा वाहन का मॉडल तैयार किया है। इस मॉडल ने विद्यालय स्तर से अपनी सफलता की शुरुआत करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

🚀 इसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल किया। अब इसका चयन अखिल भारतीय स्तर की विज्ञान प्रतियोगिता के लिए हुआ है। देवेश मणि उपाध्याय, बलिया निवासी डॉ. अरविंद कुमार उपाध्याय के पुत्र हैं, जबकि उनके सहयोगी आदित्य मिश्रा हैबतपुर निवासी वैद्य रमेश मिश्रा के पुत्र हैं।

🔍 नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, माल्देपुर के इन दोनों विद्यार्थियों ने शु्क्रवार को जिलाधिकारी ज्या‍नेंद्र सिंह से मुलाकात की। डीएम बलिया ने अपने कार्यालय कक्ष में देवेश मणि उपाध्याय और आदित्य मिश्रा से उनके स्वदेशी नवाचार के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।

🛡️ एक ही वाहन में पांच आधुनिक तकनीकों का समावेश TRINETRA 1326 को तैयार करने के पीछे विद्यार्थियों की प्रेरणा भारत की सुरक्षा आवश्यकताओं और ड्रोन गतिविधियों से उत्पन्न चुनौतियां हैं। उन्होंने इसे स्वदेशी सुरक्षा वाहन की परिकल्पना की है, जो केवला ड्रोन की निगरानी तक सीमित न रहकर सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य एक ही प्लेटफॉर्म पर कर सके। इस मॉडल में ड्रोन डिटेक्शन एवं निगरानी प्रणाली, साउंड डिटेक्शन सिस्टम, फायर डिटेक्शन सिस्टम, ऑटोमैटिक कैमॉफ्लाज तकनीक और लैंडमाइन डिटेक्शन सिस्टम जैसी पांच प्रमुख सुविधाओं को शामिल किया गया है।

🌐 ड्रोन निगरानी प्रणाली के माध्यम से हवाई क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने तथा IFF तकनीक की परिकल्पना के जरिये अपने और अज्ञात ड्रोन के बीच अंतर पहचानने का प्रयास किया गया है। वहीं साउंड डिटेक्शन सिस्टम आसपास होने वाली गोलीबारी जैसी असामान्य तेज आवाज का पता लगाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। फायर डिटेक्शन सिस्टम आग लगने की स्थिति में समय रहते चेतावनी देने और संबंधित अग्निशमन दल को सूचित करने में सहायक हो सकता है। ऑटोमैटिक कैमॉफ्लाज तकनीक के तहत वाहन का रंग आसपास के वातावरण के अनुरूप बदलने की परिकल्पना की गई है।

🔬 इसके अतिरिक्त लैंडमाइन डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से जमीन के नीचे मौजूद संभावित धातु खतरों का पता लगाने का प्रयास किया गया है। विद्यार्थियों का उद्देश्य इस मॉडल को भविष्य में और अधिक उन्नत एवं व्यावहारिक बनाना है, ताकि इसका उपयोग भारतीय सेना, सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील सैन्य शिविरों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में किया जा सके।

📊 उनका मानना है कि स्वदेशी तकनीक और विद्यार्थियों के वैज्ञानिक नवाचार देश को रक्षा तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी ने दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देवेश मणि उपाध्याय और आदित्य मिश्रा राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा विद्यालय के साथ-साथ जनपद बलिया का नाम रोशन करेंगे।

🏆 जिला एवं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और वैज्ञानिकी दृष्टिकोण का प्रमाण है। TRINETRA 1326 के माध्यम से इन विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बड़े वैज्ञानिकी नवाचारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकती हैं।

Loading

Back
Messenger