📰 जिला अस्पताल में इलाज की सुविधाओं को लेकर आने वाला साल बेहद अहम होने जा रहा है। सीएमओ डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि जिले के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
🏥 सीएमओ के अनुसार जिला अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है। इसके साथ ही एक्स-रे और सीटी स्कैन की सुविधाएं भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। किडनी रोगियों के लिए राहत भरी खबर यह है कि अगले वर्ष से डायलिसिस सेवा 24 घंटे शुरू की जाएगी।
🛏️ उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में आईसीयू (ICU) को चालू करने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) बनाया जाएगा। यह यूनिट पूरी तरह सुविधाओं से लैस होगी। यह निर्माण पंचायती राज विभाग के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी कुल लागत 23 करोड़ 75 लाख रुपये है।
🔬 सरकार से परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है और कार्य शुरू होने के बाद 16 महीनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
🌿 सीएमएस डॉ. सुजीत कुमार यादव ने बताया कि जिला अस्पताल में सोलर प्लांट लगाया जाएगा, जिससे बिजली कटौती की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नए साल से जिला अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरो सर्जन की तैनाती होगी।
🏥 वर्तमान में जिला अस्पताल लेवल-2 पर है, जिसे सरकार द्वारा लेवल-1 में अपग्रेड किया जाएगा।
📊 इसके अलावा जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे मरीजों को लाइन और अव्यवस्था से निजात मिलेगी।
🔧 वहीं जिला महिला अस्पताल को लेकर सीएमएस डॉ. सुमित सिन्हा ने बताया कि वहां भी सोलर प्लांट लगाया जाएगा। महिला अस्पताल में 24 घंटे लैब सेवा पहले से संचालित है। नए साल में चिकिस्तकों की कमी पूरी कर ली जाएगी। यहां भी पर्ची काउंटर पूरी तरह ऑनलाइन होगा, मरीजों की ऑनलाइन भर्ती की सुविधा शुरू की जाएगी और दवाओं का वितरण भी ऑनलाइन सिस्टम से किया जाएगा।
🔍 स्वास्थ्य विभाग के इन प्रयासों से बलिया के मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर रेफर होने की मजबूरी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
![]()

